Tuesday, 26 October 2010

पटियाला फिर बना सत्ता का केंद्र

दूसरी बार शहर को मुख्यमंत्री मिलने की ओर पहला कदम
अंबिका का मना करना रास आया कैप्टन अमरिंदर को
भूपेश चट्ठा, पटियाला

कैप्टन अमरिंदर के साथ ही पटियाला का भी बनवास खत्म हो गया है। हालांकि शहर ने इस बनवास के दौरान कैप्टन सहित कई मंत्री भी खो दिए थे। खैर महारानी परनीत कौर के विदेश राज्य मंत्री बनने के बाद बीते साल शहर को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मोती बाग पैलेस की शान और शहर के कांग्रेसियों की जान में जान आज कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाले जाने की घोषणा के साथ आई है।

इस बारे में मंगलवार को करीब साढ़े पांच बजे आए इस समाचार के साथ ही बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया, दिवाली करीब है और ऐसे में किसी को पटाखों का प्रबंध करने में कोई दिक्कत नहीं आई। नवांशहर जिला कांग्रेस के महासचिव बलाचौर क्षेत्र के एडवोकेट राजपाल चौहान ने पटियाला में होते हुए लड्डू बांटने की शुरुआत कर दी। वह कहते हैं कि पंजाब को इस संकट की घड़ी में से यदि कोई निकाल सकता है, तो कद्दावर नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ही है। वहीं पटियाला के वरिष्ठ नेता एडवोकेट शेलेंद्र मोंटी गर्ग ने आतिशबाजी का ढोल-धमाके के साथ प्रबंध किया और जमकर भंगड़ा डाला।

उधर, राजनीति के जानकार कहते हैं कि कैप्टन अमरिंदर सिंह का विरोध कांग्रेस के लगभग हर खेमे ने किया। बात जगमीत बराड़ की हो या बीबी भट्ठल और महिंदर केपी और या फिर शमशेर सिंह दूलों की, हर कोई पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का विरोधी हो गया। वहीं केंद्रीय हाईकमान ने भेजी गई पर्यवेक्षक ऊषा ठक्कर ने अपने पैनल में सिर्फ दो नाम डाले, जिनमें कैप्टन के अलावा जगमीत बराड़ का ही नाम आया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस में ही अहमद पटेल ने अंबिका सोनी को दस जनपथ से दूर कर पंजाब भेजने के लिए उनका नाम भी पैनल में डाल एक तीर से दो शिकार करने का प्रयास किया पर अंबिका सोनी का मना करना कैप्टन अमरिंदर सिंह को रास आ गया।

उधर, बधाई देने वाले प्रमुख कांग्रेसियों में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य केके शर्मा, पीआरटीसी के पूर्व प्रधान वेद प्रकाश गुप्ता, जिला परिषद की पूर्व चेयरपर्सन जसविंदर कौर रंधावा, यूथ कांग्रेस के प्रधान सोनू संगर, जिला यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रधान संजीव बिट्टू और हाल ही में गठित किए गए एंटी टेररिस्ट फ्रंट के पंजाब प्रधान अजय थापर शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment