Thursday, 30 September 2010

royle visit शाही शहर, शाही मेहमान शाही स्वागत

लाहौर से पहुंचे खानसामे, पूरे पैलेस में पॉलिश व पेंट जारी
भूपेश चट्ठा, पटियाला
प्रदेश में शाही शहर के नाम से जाने जाते पटियाला में मोती बाग पैलेस में चार अक्टूबर को आने वाले ब्रिटेन के युवराज चा‌र्ल्स का शाही अंदाज में स्वागत किया जाएगा। गौरतलब है कि पूर्व पटियाला रियासत और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर से संबंध रखने वाला हर वो बड़ा नाम जो वरीयता सूची के पहले चार सौ रैंकों में स्थान पाने में कामयाब हुआ है, चार अक्टूबर की शाम को मोती बाग पैलेस में होने जा रही दावत में शामिल होने जा रहा है। बात व्यापारी की हो या सेना के अफसर की अथवा किसी अखबार या चैनल के संपादक की, किसी शाही घराने की हो या फिर औद्योगिक-राजनीतिक परिवार की इन चार सौ वीवीआईपी में से भी सिर्फ 14 भारतीयों को चुना गया है जो पैलेस के भीतरी हिस्से में प्रिंस के साथ आए लगभग इतने ही मेहमानों के साथ रात्रि भोज कर सकेंगे। दिलचस्प है कि इनमें राजनीतिज्ञों के नाम पर केवल एक ही नाम संगरूर के पूर्व सांसद अरविंद खन्ना का है, शेष में पारिवारिक रिश्तेदारों के अलावा सेना के चार से पांच अधिकारी होंगे, लेकिन कुल संख्या 35 से ज्यादा नहीं होगी। शेष सभी मेहमानों के लिए पैलेस परिसर के अंदर ही स्थित लॉन में खाने-पीने का प्रबंध किया गया है। गौरतलब है कि पिछली बार हुई शाही दावत में मौसम ने खासी गड़बड़ी पैदा कर मजा किरकिरा कर दिया था, इसलिए इस बार एक खास किस्म का वाटर प्रूफ टेंट तैयार किया गया है। मोती बाग पैलेस के सूत्र बताते हैं कि पिं्रस चा‌र्ल्स व उनकी पत्नी कैमिला पार्कर के आने से पहले पूरे पैलेस में पेंट व पॉलिश का कार्य निपटाया जा रहा है, यहां तक कि सदियों पुरानी तोपों को भी खोल कर साफ किया जा रहा है। तैयारियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पैलेस के मुख्य द्वार पर रखी गई दो तोपों को बीती शाम से ही खोल कर चमकाया जा रहा है। वहीं भीतर पर्दे तक बदल दिए गए हैं। उधर, खाने की तैयारियों में कैटरिंग का काम देख रही कंपनी के प्रतिनिधि शुक्रवार को पैलेस के दौरे पर आ रहे हैं जबकि लाहौर से तीन खानसामों का एक दल भी आज पटियाला आ गया है। ये लोग बीते कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के डोची स्थित रियासत के कंडियाली फार्म हाउस में ठहरे हुए थे।

No comments:

Post a Comment