Friday, 24 September 2010

घग्गर का पानी हांसी-बुटाना में डाला, आशंकाएं शांत ghagger, season is over

भूपेश चट्ठा, पटियाला
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के ड्रीम प्रोजेक्ट हांसी-बुटाना नहर में पानी न डालने को लेकर पंजाब व हरियाणा दोनों ही आमने-सामने हैं। दोनों राज्यों की सरकारों को वहां के नेताओं से लेकर आम जनता तक का समर्थन भी प्राप्त है लेकिन घग्गर नदी के खतरे के निशान के पास पहुंचते ही इसके आसपास बसे दोनों ही राज्य के कई गांवों ने परस्पर सहमति जताते इसके फाटक खोल घग्गर का पानी डाल दिया है। इस तरह घग्गर से संभावित रूप से होने वाली तबाही की आशंका को लगभग समाप्त कर दिया गया है।

दिलचस्प यह है कि हांसी-बुटाना नहर में पंजाब आम दिनों में भाखड़ा नहर से पानी डालने नहीं दे रहा और बारिश के दिनों में हरियाणा इस बात का पूरा ख्याल रखता है कि कोई इस नहर में पानी न डाल दे। इस बार भी बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ स्थायी पुलिस चौकी का निर्माण कर एसडीएम की तैनाती भी कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट में भी मामला चल रहा है।

संभावित रूप से बाढ़ के हालातों से बचने के लिए पंजाब-हरियाणा सीमा पर स्थित कुछ गांवों हरियाणा के कैथल जिले केसरौला, खम्बड़ा, डाबा, चाबा और पंजाब के धर्मेहड़ी के लोगों ने घग्गर नदी के जलस्तर को साढ़े 22 फीट के ऊपर निकलता देख हांसी-बुटाना नहर के फाटक खोल दिए हैं। जानकार कहते हैं कि यहां पर पुलों के निकट पानी 14 फीट पर आते ही पानी डाल दिया जाए लेकिन 23 फीट पर घग्गर नदी का पानी किनारे तोड़ने लगता है। तेज गति से बढ़ रहा जलस्तर यहीं थम गया है।

उधर खन्नौरी पर आरडी-460 पर पानी साढ़े 11 हजार क्यूसिक की रफ्तार के साथ 747.40 फीट पर चल रहा है, यहां 751 फीट तक आसानी से पानी निकल सकता है। ड्रेनेज विभाग के अधिकारी कहते हैं कि वीरवार तक चार से पांच प्वाइंट तक पानी चढ़ रहा था अब यह एक प्वाइंट एक घंटे पर रह गया है।

हरियाणा के अंबाला जिले के साथ लगते पंजाब के सराला गांव में बीते 24 घंटों में घग्गर में पानी का जलस्तर 15 फीट से कम हो 10 फीट पर आ गया है। उधर मारकंडा 20 फीट और टांगरी 14 फीट पर अपने उच्चतम स्तरों पर चल रही हैं, लेकिन शुक्रवार को बारिश न होने के कारण इसमें भी अगले 24 घंटों में कमी आ जाने की संभावना है। केवल मीरांपुर चौ का पानी बाहर निकला है इससे कुछ क्षेत्र में फसल प्रभावित हुई है।
http://in.jagran.yahoo.com/news/local/punjab/4_2_6752870.html

1 comment: