घरेलू उपभोक्ता को दो और इंडस्ट्री को आठ किश्तों में चुकाना होगा बकाया
-आने वाले बिल में 12.8 फीसद की बढ़ी दर के अलावा छह महीनों का आधा बकाया
-10 पैसे प्रति यूनिट मंहगी बिजली अलग से जुड़कर आएगी
-पावरकाम ने जारी किया सर्कुलर
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पंजाब के बिजली उपभोक्ताओं के लिए त्यौहारों के दिनों में अब आने वाला बिजली बिल दिवाली को अंधेरी करने वाला आना तय है। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से इस संबंध में सकुर्लर जारी कर दिया है कि एक अप्रैल 2012 से बढ़ाई गई बिजली दरों की अब वसूली कर ली जाए। आने वाले दिनों में बिजली के कम से कम दो बिल हर किसी को रुलाने वाले होंगे। जहां देरी से आ रहे हैं वहां साधारण से दो गुने तक भी हो सकते हैं।
पावरकाम ने एरियर को बराबर की किश्तों में हर महीने एडजस्ट करने की बजाए घरेलू उपभोक्ताओं को अगले दो बिलों के साथ दो किश्तों में बढ़ी बिजली दरों का बकाया चुकाने का फरमान जारी कर दिया है। यह बढ़ी हुई दरें उपभोक्ता को अपने सामान्य बिजली बिल के साथ देनी होंगी। हालांकि इंडस्ट्री के लिए इस बकाये को आठ किश्तों में करने की छूट दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पावरकाम ने इस साल एक अप्रैल से बिजली दरों में औसतन 12.8 फीसद की बढ़ोतरी कर दी है। चूंकि इन्हें अगस्त में घोषित किया गया लेकिन लागू पिछली तारीख से किया गया है। ऐसे में अभी तक उपभोक्ता को च्यादा बिजली शुल्क का अहसास नहीं हुआ है। लेकिन अब बिजली का झटका लगना तय है। वो भी जोर से। बढ़ी हुई दर के अलावा आने वाले बिलों में पिछले छह महीनों का आधा बकाया भी जुड़ कर आएगा। इसमें एक सितंबर से ईंधन पर सरचार्ज के नाम पर 10 पैसे प्रति यूनिट मंहगी बिजली अलग से जुड़कर आएगी। यह अब 14 पैसे प्रति यूनिट हो गया है। ऐसे में आने वाले दो बिल करीब करीब दो गुने आ सकते हैं।
बाक्स
घरेलू उपभेक्ता:- 10 पैसे बढ़ी हुई दरें
पहले 300 यूनिट-5.59 रूपये प्रति यूनिट
300 से ज्यादा-5.91 रूपये प्रति यूनिट
छोटी इंडस्ट्री-5.20 रूपये प्रति यूनिट
साधारण इंडस्ट्री-5.71 रूपये प्रति यूनिट
(मीटर से बिजली न लेने वाले उपभोक्ताओं पर सरचार्ज की बढ़ोतरी 12 रूपये प्रति हार्स पावर के हिसाब से की गई है)
No comments:
Post a Comment