Friday, 29 July 2011

कांग्रेस की भूमिका नहीं पर मेरा वोट बादल के खिलाफ : कैप्टन अमरिंदर,sgpc, politics, capt. amrinder


कैप्टन बोले 
 कांग्रेसियों पर दर्ज 30 हजार केस रद करवाने के लिए आयोग गठित होगा 
 बूढ़े बादल ही ब्लू स्टार के जिम्मेदार : अमरिंदर 
 बिना नीलामी के दिए प्रोजेक्ट रद करेगी कांग्रेस 
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी(एसजीपीसी) के होने वाले चुनावों में कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं होगी, पार्टी किसी को भी वोट डालने के लिए निर्देशित नहीं करेगी। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान व पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एसजीपीसी चुनावों में शुक्रवार को यहां पार्टी का स्टैंड स्पष्ट करने के साथ यह भी कहा है कि वे वोट बादलों के खिलाफ ही डालेंगे।
एसजीपीसी चुनावों में मतदान वोटर आई कार्ड से करवाए जाने के सवाल पर वे कहते हैं कि सत्ताधारी शिरोमणि अकाली दल(शिअद) ने एसडीएम स्तर के अधिकारियों से वोटें बनवाई, लेकिन यह एक दिखावा मात्र था। सभी वोटें जत्थेदारों के कहने पर बनी हैं, ऐसे में अपनाई गई प्रक्रिया ही गलत है।
वहीं, कांग्रेसी कार्यकत्र्ताओं की शिकायतें सुनने के लिए रखे गए कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व विधायक ब्रह्म महिंदरा, लाल सिंह, तेज प्रकाश, पार्टी के जिला प्रधान प्रेम कृष्ण पुरी, हरदयाल कंबोज, केके शर्मा, कबीर दास, अजय थापर की मौजूदगी में कैप्टन अमरिंदर ने आश्वस्त किया कि कांग्रेसियों पर साढ़े चार साल में दर्ज किए गए 30 हजार केस रद करवाने के लिए वे एक आयोग का गठन करेंगे, जो एक ही समय में सारे केस रद करेगा।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ चल रहे आरोप प्रत्यारोप को आगे बढ़ाते हुए कैप्टन सिंह ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल बूढ़े हो चुके हैं उन्हें कुछ याद नहीं रहता। संवाददाता सम्मेलन में जब ब्लू स्टार के लिए जिम्मेदार होने का एक नाम पूछा गया तो कैप्टन अमरिंदर ने फिर बादल व अकाली दल का नाम ले दिया और कहा कि बादल नियंत्रित समस्या चाहते हैं। वे कभी धर्म, पानी तो कभी चंडीगढ़ के नाम पर मोर्चे लगाते हैं। खुद गिरफ्तार हो डाक बंगले में जा बैठते हैं और लोगों को पिटवा देते हैं। हांसी बुटाना मामले पर भी वे ये ही कर रहे हैं। जिस मामले पर हाईकोर्ट में जाना चाहिए उस पर वे प्रधानमंत्री और पड़ोस के मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हैं।
राज्य में बिना नीलामी के दिए गए बिजली उत्पादन प्रोजेक्ट पर कांग्रेस प्रधान कहते हैं कि ये सब कांग्रेस रद करेगी और पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। किसानों को उचित मुआवजा देने के अलावा गलत तरीके से अलाट किए जा रहे हजारों करोड़ के प्रोजेक्टों की चार दिवारी भी नहीं बनेगी और सरकार का शासनकाल समाप्त हो जाएगा।
राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की तैयारियों पर वे कहते हैं कि चुनावी सर्वेक्षण जारी है। अच्छी रिपोर्ट है। जितने वाले की ही टिकट की सिफारिश की जाएगी, यह एक से ज्यादा भी हो सकती हैं। अंतिम निर्णय हाईकमान का होगा। उनकी पसंद में युवा और महिलाएं शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment