उपमुख्य संवाददाता, पटियाला :
पटियाला एविएशन परिसर में चल रहे पंजाब एयर क्राफ्ट मेंटेनेंस एंड इंजीनियरिंग कालेज (पैमेक) ने अपने इतिहास में पहली बार एल्यूमीनी का आयोजन किया। 1962 से चले आ रहे उत्तर भारत के अपनी किस्म के सबसे पुराने कालेज में 1981 बैच के विद्यार्थियों ने कनाडा के वेनकूवर और टोरंटो से सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के माध्यम से पहल कर खुद को संगठित करते हुए इसकी शुरुआत की। चंद माह पहले बने ग्रुप में इसके साथ ही उत्तरी अमेरिका व इंग्लैंड में बसे पैमेक के पूर्व विद्यार्थी जुड़ते चले गए। टोरंटो में रह रही नवजिंदर संधू ने बताया कि पहले पहल एल्यूमीनी का आयोजन उत्तरी अमेरिका में ही करने की बात चली। लेकिन ज्यादा संख्या भारत व एशियाई देशों से होने और कालेज के दिनों की याद ताजा करने के लिए पटियाला ही लाया गया है। वहीं पंजाब सरकार के वीवीआईपी एयर क्राफ्ट के पूर्व चीफ इंजीनियर और 1981 बैच के इंजी. मनमोहन सिंह ने कहा कि वे निसंदेह बहुत खुश हैं और भविष्य में ऐसे आयोजन करने और करवाने में जुटे रहेंगे। वेनकूवर में रह रही और पहले बैच की छात्रा रही तरुणवीर कौर ने बताया कि चाहे उन्होंने ये लाईन छोड़ दी है पर आज भी कालेज के तीन साल भुलाए नहीं भूलते। बड़ी फर्म में एचआर मैनेजर होने के नाते उनके अच्छे संपर्क हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में ये प्रयास भी किया जाएगा कि कालेज के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए गाइडेंस से लेकर उपकरणों इत्यादि की व्यवस्था एल्यूमीनी कर सकें और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें। पहली एल्यूमीनी मीट में जहां कनाडा, अमेरिका व यूरोप से आए करीब दो दर्जन एयर क्राफ्ट इंजीनियरों सहित 90 से ज्यादा एयर क्राफ्ट इंजीनियरों ने अपने परिवारों सहित धमाल किया। वहीं राज्य सरकार के सिविल एविएशन विभाग के अधिकारियों और अध्यापकों का भी मान सम्मान किया गया।
No comments:
Post a Comment