भूपेश चट्ठा, पटियाला
करीब 12 वर्षो बाद पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा ली जाने वाली भर्ती परीक्षा एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। 28 नवंबर को होने वाली परीक्षा अब 19 दिसंबर को होगी। पीपीएससी के उच्चस्तरीय सूत्रों के अनुसार मंगलवार को इस संबंध में आयोग के वरिष्ठ सदस्य सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डीएस ग्रेवाल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है।
आयोग द्वारा 180 पीसीएस व पीपीएस अधिकारियों के लिए होने वाली इस सामूहिक परीक्षा को स्थगित करने के पीछे हालांकि कोई आधिकारिक तर्क नहीं दिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि परीक्षा का केंद्र पटियाला से तबदील कर चंडीगढ़ करने में होने वाली देर और विद्यार्थियों को रोल नंबर आदि पहुंचने में उचित समय मिल सके इसलिए परीक्षा को स्थगित किया गया है। स्थान तबदील होगा या नहीं इस पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। गौर हो कि इस बार करीब 28 हजार प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेंगे। स्थगित होने से पहले यह 11 जुलाई को ली जानी थी। आयोग ने चार नवंबर तक विद्यार्थियों को अपने फोटो व रोल नंबर आदि इंटरनेट पर देख लेने के लिए कह रखा है। पीपीएससी की परीक्षा इससे पहले 1998 में ली गई थी और तत्कालीन चेयरमैन रवी सिद्धू के कार्यकाल में भर्ती घोटाले के उजागर होने के बाद वर्ष 2002 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद इसे रद कर दिया गया था। इसमें बैठने वालों को 2003 में एक और मौका दिया गया था। ऐसे में प्रभावी रूप से ये 12 साल बाद होगी।
No comments:
Post a Comment