Friday, 18 February 2011

नशे के खिलाफ चलाई सीधी कार्रवाई

भूपेश चट्ठा, पटियाला
पंजाब के पावर कोरीडोर में पुलिस को लेकर एक जुमला चला आ रहा है कि यहां ऐसा कोई थाना नहीं है जिसके एसएचओ को यह ना पता हो कि उसके इलाके में कौन सा अपराध हो रहा है और कौन सा नशा कहां और कौन बेच रहा है? ठीक ऐसे ही हालात सेहत विभाग में हैं। लेकिन नशा भी बिकता रहता है और लोग पकड़े भी जाते हैं। इन सबसे हट शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकत्र्ताओं ने सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के राजनीतिक सलाहकार राजेश अत्री के नेतृत्व में दवाओं की होलसेल मार्केट में सीधी कार्रवाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़कों का एक हजूम सुबह करीब दस बजे पॉल मेडिकल हॉल खुलने के साथ ही 'छापा' मारा और और दुकान में घुस कर खुद ही नशीली दवाएं पकड़ ली, दुकान के बाहर धरना-नारेबाजी के अलावा पुलिस को भी बुलवा लिया। मामले की नजाकत को समझते हुए पुलिस ने भी दुकान के मालिक को एक तरह से भीड़ से निकाल अपने साथ ले जाने में ही भलाई समझी। मौके पर ही सेहत विभाग को संदेश भेज कर बुलवाया गया और औपचारिक कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी बीच राजेश अत्री, पंजाब स्टूडेंट्स फेडरेशन के संरक्षक गुरउपकार सिंह गोलू विर्क यूथ कांग्रेस के ब्लाक प्रधान विक्रमजीत सिंह हनी वड़ैच और यंग आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया के खालसा कालेज प्रधान अमन सैफदीपुर ने बताया कि उक्त दुकानदार को पहले भी चेतावनी दी गई पर वो नहीं माना। ऐसे में कार्रवाई करनी पड़ी। वे कहते हैं कि शहर में ऐसी करीब 20 दुकानों की खबर उन्हें है। अगर नशा बेचना बंद न किया गया तो आगे भी सीधी कार्रवाई करने से गुरेज नहीं किया जाएगा।
दिलचस्प है कि जनता की इस सीधी कार्रवाई के बाद होलसेल केमिस्ट एसोसिएशन ने भी पल्ला झाड़ लिया है। एसोसिएशन के महासचिव प्रदीप कुमार कोहली का कहना है कि उनके सभी सदस्य युवा वर्ग को ड्रग की लत के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास करते हैं। सभी दुकानें ड्रग अथारिटी के दिशा निर्देशों के अनुसार ही चल रही हैं। साथ ही ऐसे किसी निंदनीय काम में वे किसी दुकानदार के साथ नहीं हैं। और ना ही कोई नशा बेचने वाला उनका सदस्य ही हो सकता है।
वहीं, कोतवाली थाना इंचार्ज हंसराज बताते हैं कि उन्होंने मौके पर ही ड्रग इंस्पेक्टर के माध्यम से पॉल मेडीकल हॉल के मालिक का चालान कर दिया है और अब सेहत विभाग अगली कार्रवाई कोर्ट में करेगा।
सिविल सर्जन डा. जतिंदर कौर ने बताया कि डेढ़ लाख रुपये की नशीली दवाएं सूचना के आधार पर पुलिस को साथ ले सील कर दी गई हैं, यह कार्रवाई ड्रग इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने की है वहीं जसबीर सिंह कहते हैं कि पार्वन स्पॉक, प्राक्सीवन, स्पॉसमो प्राक्सीवन कैप्सूल जैसी प्रतिबंधित दवाएं पॉल मेडिकल से पकड़ी गई हैं, यह इस दुकानदार के खिलाफ दूसरा मामला है पहले भी यहां पर दुकान सील की गई थी।

नशीली दवाएं जब्त
संवाददाता, पटियाला
सेहत विभाग के ड्रग विभाग ने शुक्रवार को करीब दो लाख रुपये की नशीली दवाएं जब्त कीं। सिविल सर्जन डा. जतिंदर कौर के दिशा निर्देश के चलते ड्रग इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बगीची हेत राम क्षेत्र में स्थित विनय मार्केटिंग कंपनी पर छापा मारा जिस दौरान करीब दो लाख रुपये की नशीली दवाएं जब्त की गईं। डा. सिंह ने बताया कि दवाओं को सील कर दिया गया है। अब सीजेएम कोर्ट में इन दवाओं की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए अपील की जाएगी। साथ ही विभाग के उच्चाधिकारियों को इस दुकान का लाइसेंस रद्द करने के लिए लिखा जाएगा। दूसरी ओर सिविल सर्जन डा. जतिंदर कौर ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।



2 comments:

  1. Kamal Anand; good initiative by politicians
    4 hours ago · Unlike · 1 person

    ReplyDelete
  2. Bindu Singh ‎@Bhupesh , drug addiction has brewed as cancer .this termite has eaten up our generation and have made us helpless and miserable.It is really unfortunate for any state or country where youth cannot be saved. If youth get ruined n spoilt ,hollow n dark future of the whole system is evident.Better, our people and society understands this fact at the earliest to save this precious asset.
    Yesterday at 6:01pm · LikeUnlike

    ReplyDelete