Friday, 18 May 2012

ओपन एक्सेस की बिजली हुई मंहगी, आम को राहत, Industry has to pay more for open access electricity


-पीएसईआरसी ने सीधी बिजली लेने वाले उपभोक्ताओं पर ट्रांसमिशन व विलिंग चार्ज लगाया
-आम उपभोक्ताओं पर 17 पैसे का अतिरिक्त वजन पड़ रहा था
-एक साल में 411 करोड़ का चूना लगा
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पंजाब में ओपन एक्सेस के रास्ते बाहर से ली जाने वाली बिजली अब मंहगी हो गई है, हालांकि इससे प्रदेश के आम उपभोक्ता को खासी राहत मिली है। संभावित रूप से इस साल बढऩे वाली बिजली की दरें इस बार ना बढ़े या फिर होने वाली बढ़ोतरी में से कम से कम 17 पैसे प्रति यूनिट की कटौती हो जाए।
पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड पावरकाम की याचिका पर पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेग्यूलेटरी कमीशन ने सीधी बिजली लेने वाले उपभोक्ताओं पर ट्रांसमिशन व विलिंग चार्ज लगा दिया है। इससे पहले ये शुल्क आम व अन्य सभी उपभोक्ताओं के बिल में तो लग कर आते हैं लेकिन ओपन एक्सेस के माध्यम से सीधी बिजली लेने वालों को इससे तकनीकि रूप से छूट मिली हुई थी।
पीएसईआरसी ने ओपन एक्सेस रेग्यूलेशन एक्ट में संशोधन करते हुए छोटे व मध्यम उपभोक्ताओं को तो राहत दी है पर एक मेगावाट व इससे अधिक लोड वाले अन्य पर 127 पैसे प्रति यूनिट का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इसमें 11 पैसे ट्रांसमिशन शुल्क और 116 पैसे का विलिंग शुल्क लगाया है।
ओपन एक्सेस वाले उपभोक्तओं से ये शुल्क अलग से लिए जाएंगे। वर्तमान में 132 केवीए से 220 केवीए के ओपन एक्सेस उपभोक्ताओं से विलिंग चार्जेज नहीं लिया जा रहा था जबकि 33 व 66 केवीए लोड वाले उपभोक्ताओं से 15 फीसद अथवा 17.4 पैसे प्रति यूनिट, 11 केवीए के उपभोक्ताओं से नार्मल विलिंग चार्जेज का 30 फीसद वसूला जाता था। अब प्रदेश का नेटवर्क प्रयोग करने वालों पर समान रूप से शुल्क लगेगा। अभी तक ऐसी बड़ी इंडस्ट्री आम उपभोक्ता से कम शुल्क दे रही थी।
पावरकाम ने पीएसईआरसी के एक याचिका दायर कर बताया था कि एक साल में 411 करोड़ रूपये का नुकसान हो चुका है और आम उपभोक्ता पर 17 पैसे प्रति यूनिट का भार पड़ रहा है। ऐसे में बिजली बिलों में 17 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी सिर्फ इसी वजह से भी करनी पड़ सकती है। दलील यह भी दी गई कि आम उपभोक्ता पर लोड ना डाला जाए। इस पर पीएसईआरसी ने चार मई को उक्त आदेश जारी कर दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 315 उपभोक्ता ओपन एक्सेस के तहत 15 सौ मेगावाट बिजली उस समय भी लेते हैं जब पावरकाम के पास अतिरिक्त बिजली होती है। 15 मिनट के सलाट में पावरकाम से ली जाने वाली सस्ती बिजली बाद में पावरकाम को लौटानी पड़ती है। उपभोक्ताओं के रवैये से पावरकाम को चूना लगता रहा है।

No comments:

Post a Comment