Tuesday, 22 May 2012

विस चुनाव में हारे वार्डो से पार्षदों का कटेगा पत्ता alliance may not give ticket to its all sitting M.C


जीत ही मापदंड, हारे वार्डों से पार्षदों का कटेगा पत्ता

- भाजपा प्रदेश प्रधान ने अन्य चुनावी क्षेत्रों का दौरा किया, पर पटियाला से किनारा
- जीत की संभावना के साथ परफारमेंस देखी जाएगी : जिला जत्थेदार
भूपेश चट्ठा, पटियाला
नगर निगम चुनावों से भले ही भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने दूरी बना ली हो, पर शिअद इस ऐतिहासिक शहर को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। सिर्फ जीत को ही पार्टी टिकट का एकमात्र मापदंड रखते हुए पार्टी ने अपने कुछ पार्षदों के टिकट काटने का मन बना लिया है। इस कतार में सबसे आगे निशाने पर वे पार्षद हैं जिनके वार्ड में हाल ही के विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।
पार्टी के आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि शहर व ग्रामीण दोनों विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां पार्टी को शर्मिंदगी भी उठानी पड़ी है। पार्टी की हार में पार्षद की भूमिका पर गाज अब गिरनी आला कमान ने ठीक विधायकों के टिकट काटने के समान तय कर दी है। जीत को मूल मंत्र मानने के अलावा हमेशा तैयार रहो, का फार्मूला सामने रखा गया है। राजनीति के कारपोरेट स्टाइल को आगे लाया जा रहा है। हालांकि आलोचक ये भी कहते हैं कि पिछला चुनाव ही अगर मापदंड है तो कोई भी पार्षद नहीं बचने वाला, जिसे एक बार फिर से मैदान में उतारा जाए। हजारों के वोटों के अंतर में लगभग हर वार्ड में पार्टी ने पार्टी ने हार देखी है।
इसी संदर्भ में जिला शहरी जत्थेदार इंद्र मोहन सिंह बजाज कहते हैं कि जीत पैमाना है, पर इन चुनावों को विधानसभा चुनावों से अलग कर देखना चाहिए। पटियाला में विधान सभा चुनावों में हमने हार देखी है। अब सभी हारे वार्डों के पार्षदों के टिकट नहीं कट सकते, लेकिन पार्टी परफार्मेंस जरूर देख रही है। जहां पार्षद ने सही ढंग से काम नहीं किया उनका पत्ता कट सकता है।
वहीं पटियाला नगर निगम में एक बार फिर से सत्ता में आने का दम भर रही भाजपा के प्रदेश प्रधान के पटियाला ना आने के सवाल पर जिला प्रधान अरूण गुप्ता कहते हैं कि कन्नी काटने जैसी कोई बात नहीं है। प्रदेश प्रधान 22 को चंडीगढ़ से उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे यहां की जिम्मेदारी तीन सदस्यों की हाई पावर कमेटी को सौंपी गई है। यही अपनी सिफारिश प्रस्तुत करेगी। इसके लिए अकाली दल के नेताओं और जिले के मंत्री व पूर्व मंत्रियों से भी विचार चर्चा की जाएगी।

No comments:

Post a Comment