Friday, 28 September 2012

...प्रदेश में केबल इंडस्ट्री को बॉय बॉय



-सरकार और कंपनियों की चांदी, उपभोक्तओं को चूना,
भूपेश चट्ठा
पंजाब में सत्ताधारी राजनीतिक दल और विपक्ष के बीच एक दशक से विवाद का एक विषय रही केबल इंडस्ट्री जल्द ही इतिहास का हिस्सा होने जारी है। केबल जारी रखने की समय अंतिम सीमा में हालांकि तीन साल का समय पड़ा है लेकिन जिस गति से राच्य में डिजीटलाइजेशन पर काम हो रहा है उस गति से अगले चार-छह महीनों में केबल का आस्तित्व समाप्त हो जाना है।
दिलचस्प है कि केबल हटा कर सैट टाप बाक्स लगाने की इस प्रक्रिया में सबसे अधिक तेजी केबल इंडस्ट्री की ओर से ही दिखाई जा रही है। सैट टाप बाक्स लगाने को दवाब भी केबल नेटवर्क चलाने वालों की ओर से ही बनाया जा रहा है। लोक सभा में पारित केंद्रीय कानून के तहत डिजीटलाइजेशन किया जाना है। जिसे सामने रख कर एक के बाद एक आपरेटर का क्षेत्र बंद किया जाता है, फिर सैट टॉप बाक्स लगाने की 'सलाहÓ दे केबल के ही चैनल दिखाने की बात कही जाती है। हालांकि अभी तक एक घर से दिया जाने वाला किराया अब हर कनेक्शन पर हो जाएगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को जहां अच्छी क्वालिटी का सिगनल मिलेगा वहीं शिकंजा भी कसा जाएगा। पहले एक कनेक्शन पर एक ही घर में च्यादा टीवी चलते थे पर अब हर कनेक्शन पर किराया देना पड़ेगा हालांकि एक ही घर में ही लिए जाने वाले दूसरे कनेक्शन पर रियायत दी जा रही है पर ये कभी भी बंद भी हो सकती है।
इसी संबंध में पंजाब में केबल नेटवर्क के जन्मदाता कहे जाने वाले हरविंदर सिंह कूक्कू बताते हैं कि अगर डिजीटलाइजेशन वायरलेस हो तो ठीक है। कानून अनुसार कनेक्शन 'हैड इन स्काईÓ पर लगा होना चाहिए। तभी कामयाब होगा अन्यथा कमजोर ही रहेगा। वायर के साथ इसका कमजोर रहना तय है। सिगनल ठीक से नहीं पहुंच पाएगा। हर आपरेटर को फाइबर आपटिक का तकनीकि ज्ञान नहीं है। ऐसे में एक सीमा तक ठीक चलेगा पर आगे नहीं ले जाया जा सकेगा। इसमें च्यादा इनवेस्टमेंट की जरूरत पड़ेगी। वर्तमान केबल नेटवर्क के आपरेटर कमीशन पर आ जाएगें। इनकी भी कमाई कम होगी और चोरी के साथ बगार भी कम हो जाएगी। कूक्कू बताते हैं ये बेचे जा रहे बाक्स भी 'राइट टू यूजÓ पर दिए जा रहे हैं। 1490 रूपये का बाक्स बेचा नहीं जा रहा ये ग्राहक के यहां लगने के बाद भी कंपनी की ही प्रापर्टी रहेंगे।  
वहीं राच्य में केबल नेटवर्क चला रहे फास्ट वे के डायरेक्टर विकास पुरी बताते हैं कि टेलिकाम रेग्यूलेटरी अथारिटी आफ इंडिया के नियमों अनुसार जुलाई 2015 तक देश भर में पूरी तरह डिजीटलाइजेशन किया जाना है और पंजाब इस दिशा में काफी तेजी से बढ़ रहा है। इससे कस्टमर की च्यादा पैसे लेने और कम चैनल दिखाने की शिकायत दूर होगी तो ब्राडकास्टर का दवाब आपरेटर पर कम हो जाएगा जबकि सरकार के राजस्व में खासी बढ़ोतरी होगी। वे बताते हैं कि उनकी ओर से दिए जा रहे बाक्स में पहला कनेक्शन 230 रूपये का है जबकि एक ही घर में लिया जाने वाला दूसरा कनेक्शन 130 रूपये का है, हालांकि अभी 250 रूपये केबल कनेक्शन के लिए जा रहे हैं।


वन विभाग ने लिया लंग गांव में दस एकड़ जमीन का कब्जा



-सातवीं बार में कामयाब हुआ विभाग, जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में लगाई कंटीली तार
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
वन विभाग ने लंग गांव में दस एकड़ जमीन पर आखिरकार अपना कब्जा ले लिया है।
1960 से पहले भाखड़ा नहर बनाने के दौरान बनाए गए बड़े ईंट भट्ठों की जरूरत समाप्त होने के बाद इन्हें खाली छोड़ दिया गया था। इन पर कालान्तर में कब्जे हो गए और पीढ़ी दर पीढ़ी चलते रहे। इस पर न्यायालय में भी कुछ मामले पहुंचे। लंग गांव की उक्त जमीन के मामले में हाईकोर्ट ने करीब दो साल पहले वन विभाग के पक्ष में निर्णय दे दिया लेकिन विभिन्न कारणों के चलते वन विभाग कब्जा नहीं ले सका, इसमें पुलिस प्रोटेक्शन ना मिलना सबसे प्रमुख है।
आज विभाग के कंजरवेटर धर्मेंद्र शर्मा की निजी दिलचस्पी के चलते विभाग की ओर से सातवीं बार किए गए प्रयास में कामयाबी मिली है। जब जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जमीन के चारों ओर कंटीली तार लगाई गई है, हालांकि कब्जेदारों की धान की फसल को आज भी नहीं छेड़ा गया है।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में वन विभाग के पटियाला रेंज के सभी कर्मी, जिला वन अधिकारी एसके सागर, रेंज अफसर चमकौर सिंह, ब्लाक अफसर प्रेम सिंह सोही, बीट इंचार्ज अमन अरोड़ा व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। इसमें महिला पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।

बारिश से राहत पर और तेज हुई तो आफत


-पत्ता लपेट सुंडी से धान के पौधों को मिलेगी निजात
-अगेती किस्मों पर और बारिश का हो सकता है नुकसान
फोटो: 1
भूपेश चट्ठा, पटियाला
लगातार हुई रिमझिम बारिश से सूखे की मार झेल रहे और मंहगा डीजल फूंक रहे किसानों को आखिरकार राहत मिल गई है, लेकिन धान के सीजन के जिन दिनों में ये बारिश हो रही है उसके और तेज होने अथवा हवाएं चलने से यही राहत, आफत में बदल सकती है।
प्रोग्रेसिव खेती से जुड़े जसविंदर सिंह बताते हैं कि बारिश का फसल को लाभ ही है। इस बार कोई भी ऐसी जगह नहीं है जहां धान की फसल डूब रही हो ऐसे में धान को सभी जगह पर फायदा हो रहा है। चारा व बासमती के नाम इसमें शामिल किए जा सकते हैं। इसी प्रकार कोरजीवाला के परविंदर सिंह कहते हैं कि वे देख रहे हैं कि कुछ दिनों से पत्ता लपेट सुंडी धान की बीमारी के रूप में पौधों को लग रही है। इन बारिशों से बिना स्प्रे ही दूर होनी चाहिए। वे कहते हैं कि जो जान ईश्वर के दिए पानी में है वो टयूबवेल के पानी में नहीं। वहीं बराबर पानी का छिड़काव होता है, यहां कुछ पौधे डूब रहे होते है तो कुछ पानी आने का इन्तजार कर रहे होते हैं।
इसी क्रम में आनन फानन ज्यादा डीजल फूंक कर शुरु में धान की बिजाई करने वाला किसान थोड़ा चिंतित होने लगा है। इन पौधों में बल्लियां निकलने को हैं वहां पर बारिश तेज होने से दाने में बनने वाले दूध की कमी रह जाती है अथवा दाना बनता ही नहीं है। हालांकि बारिश के साथ हवा ना चलने के कारण फसल के जमीन में बिछने की खबर नहीं है।
वहीं मुख्य कृषि अधिकारी डा. बीएस सोहल बताते हैं कि बारिश का इसी रफ्तार से होना धान के लिए अच्छा है। इसके बाद खिलने वाली धूप पौधे की ग्रोथ और बढ़ाएगी। बारिश से पिछले दिनों में कुछ क्षेत्रों में थोड़ी बहुत पौधों को लगी पत्ता लपेट सुंडी भी हट जाएगी, लेकिन बारिश ज्यादा हुई तो धान की अगेती किस्मों विशेष रूप से पीआर 113, 114 आदि को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि धान की ही पछैती किस्मों के लिए ये अभी भी फायदेमंद है।

आधा करोड़ के महल में रहेंगे शहर के आवारा कुत्ते


-निगम की एफएंडसीसी की बैठक में लिया निर्णय बनेगा डॉग पौंड
-मच्छर मारने भी खरीदी जाएगी नई मशीन
-मुस्लिम भाईचारे के लिए बनने वाले कब्रिस्तान पर खर्च होंगे 50 लाख
फोटो: 5
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
मंहगाई के दौर में जहां गरीब आदी को सर छुपाने के लिए दस गज जमीन नसीब नहीं हो रही वहीं शहर के आवारा कुत्तों के लिए आधा करोड़ रूपये की लागत से डॉग पौंड के रूप में महल तैयार किया जाएगा। इसमें शहर के आवारा कुत्तों के लिए आशियाना बनाया जाएगा।
नगर निगम की फाइनांस एंड कांट्रेक्ट कमेटी, एफएंडसीसी की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है कि शहर की जनता को आवारा कुत्तों से निजात दिलाने कैटल पौंड बनाया जाए। मेयर अजीतपाल सिंह कोहली बताते हैं कि एक हजार गज में बनने वाले इस पौंड की अनुमानित लागत 50 लाख रूपये रखी गई है। एक समय में 100 से 150 कुत्तों को रख जा सकता है। कुत्तों को लाकर सटरलाइज करने के बाद इसमें रखा जाएगा। इससे शहर की कुत्तों को लेकर उपजी समस्या दूर हो जाएगी। 50 लाख के खर्च की बजाए शहर में कुत्तों की नसबंदी कर इनकी आबादी नियंत्रित करने के सवाल पर वे कहते हैं कि इस पौंड में यह कार्य भी किया जाएगा। फिर सुरक्षित लगने पर ही कुत्ते को छोड़ा जाएगा।
कैटल पौंड बनाने के बावजूद शहर की सडकों पर से पशुओं की संख्या के कम ना होने के सवाल पर मेयर कहते हैं कि 90 गायों की क्षमता का कैटल पौंड बनाया गया है और इसमें 120-130 से गायें रखी हुई हैं। शहर में लोग गाय के दूध देना छोडऩे के बाद गाय को भी छोड़ देते हें। ऐसे में समस्या बनी हुई है।
इसी प्रकार शहर में लोगों को मच्छरों से राहत देने 13 लाख की नई फागिंग मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है। पुरानी के खराब होने की सूरत में नई के लिए दस दिनों में शार्ट टर्म टेंडर कॉल किए जाएंगे। हालांकि इसी बैठक में सवा घंटे में दवा के अलावा 75 लीटर डीजल व पांच लीटर पैट्रोल पीने वाली फागिंग मशीन का 80 दिन का बिल भी पारित कर दिया गया है।
जबकि मुस्लिम भाईचारे के लिए बनने वाले कब्रिस्तान पर भी नगर निगम 50 लाख रूपये खर्च करने जा रहा है। मेयर अजीतपाल सिंह कोहली ने बताया कि इस राशि से चारदिवारी करने के अलावा मिट्टी डलवा कर जमीन को समतल करवाया जाएगा और कमरा इत्यादि बनवा कर ढ़ांचागत सुविधाएं तैयार की जाएंगी।
एफएंडीसीसी की बैठक में गली, सड़क बनाने से लेकर एनवायरनमेंट पार्क दुरुस्त करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर अनिल बजाज, कमिश्नर गुरलवलीन सिंह सिद्धू सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने भाग लिया।

मंडी बोर्ड के वाइस चेयरमैन ने दी खुली बहस की चुनौती


फ्लैग: मामला आढ़तियों के कमीशन को फ्रीज करने का
-कहा चेयरमैन लक्खोवाल सहित हर किसी किसान नेता बताए आढ़ती का कमीशन कम होने से किसान को क्या फायदा?
-नेताओं, नौकरशाहों के बाद पंजाब के किसान नेता मल्टी नैशनल कंपनियों के एजेंट बने
-पंजाब में घरेलू मार्केटिंग सिस्टम तोडऩे की साजिश
फोटो-चार
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पंजाब मंडी बोर्ड के वाइस चेयरमैन रविंदर सिंह चीमा ने प्रदेश में आढ़तियों के कमीशन को फ्रीज करने की केंद्र की ओर जारी किए गए पत्र और इसके समर्थन में आए पंजाब के किसान नेताओं को खुली बहस की चुनौती दी है।
मार्केट कमेटी पटियाला के कार्यालय में जिला आढ़ती एसोसिएशन के साथ बैठक के बाद रविंदर चीमा ने कहा कि इसमें मंडी बोर्ड के चेयरमैन अजमेर सिंह लक्खोवाल सहित हर किसी किसान नेता से पूछते हैं कि उन्हें बताए कि आढ़ती का कमीशन कम होने से किसान को क्या और कितना फायदा होगा? आढ़ती को होने वाली आय का 90 फीसद हिस्सा खरीद एजेंसियों से आता है। यह कमीशन 27 रूपये हो या 33 किसान को उसकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य पूरा मिलेगा
किसानों को सीधे भुगतान के सवाल पर रविंदर चीमा कहते हैं कि चैक आढ़ती के माध्यम से जाए या किसान को सीधे दिया जाए। चैक उतने का ही रहेगा, इसमें कोई बदलाव नहीं होने वाला। पहले देश के नेताओं फिर नौकरशाहों को दवाब में लाने के बाद पंजाब के किसान नेताओं को मल्टी नैशनल कंपनियों ने कठपुतली बनाया है और ये लोग इनके एजेंट बन गए हैं। कंपनियां चाहती हैं कि पंजाब में घरेलू मार्केटिंग सिस्टम किसी तरह से तोड़ा जाए और ये सब कुछ इसी साजिश के तहत हो रहा है।
आढ़तियों की ओर से 18 फीसद ब्याज वसूले जाने की बात पर वे कहते हैं कि बैंक आढ़ती की लिमिट बनाते समय 15 फीसद सालाना की दर से ब्याज लेते हैं। इसके बाद आढ़ती ने मुनीम से लेकर अन्य खर्च करने होते हैं, जबकि सभी लिए गए कर्ज में से 95 फीसद की ही वापसी होती है।
मंडी बोर्ड में लिए गए सभी निर्णय सर्व सम्मति अथवा बहुमत से होने का दावा करने वाले चीमा से जब कहा गया कि चेयरमैन लक्खोवाल ने मंडी बोर्ड की ओर से ही आढ़तियों का कमीशन फ्रीज करने बाबत राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इस पर वे बताते हैं कि हाल ही में राज्य सरकार ने जब चेयरमैन का कार्यकाल बढ़ाया गया और पूरे बोर्ड का नहीं। इस तकनीकी कारण के चलते वे उक्त बैठक में भाग नहीं ले सके थे। हालांकि उक्त बैठक में अंतिम निर्णय राज्य सरकार पर ही छोड़ा गया है और ये उनका ही अधिकार है।


बाक्स
धरने फिलहाल स्थगित पर आंदोलन वापिस नहीं
पंजाब प्रदेश आढ़ती एसोसिएशन की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन करने का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है, लेकिन एसोसिएशन के प्रधान रविंदर सिंह चीमा ने वीरवार को पटियाला आढ़ती एसोसिएशन की बैठक में घोषणा की है कि आंदोलन वापिस नहीं लिया गया है। राज्य सरकार उनके साथ है और केंद्र को थोड़ा समय दिया जा रहा है।


चीनी की चोरी की तो आधा मूल जुर्माने में



-सरचार्ज सहित साढ़े पांच फीसद टेक्स की वसूली फिर भी
-पांच फीसद की बजाए वैट एक या दो फीसद लगता तो सरकार का राजस्व च्यादा बढ़ता: होल सेल शूगर एसो.

भूपेश चट्ठा, पटियाला
सरकारें बदलने में प्याज के बराबर खड़ी होने वाली चीनी की तस्करी की अथवा पंजाब में चोरी से लाने की कोशिश करते पकड़े गए तो समझो मूल का आधा जुर्माने में जाना तय है और इसके बाद सरचार्ज सहित साढ़े पांच फीसद टेक्स की वसूली फिर भी की जाएगी।
हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर कमोडिटी की तस्करी के मामले में सबसे कुख्यात कहे जाने वाले जिलों पटियाला, संगरूर प्रमुख है। हालांकि बठिंडा के पास डबवाली व राजस्थान के साथ लगते सांगरिया बार्डर भी इसमें शामिल  हैं, लेकिन चीनी का नाम आते ही पटियाला संगरूर का नाम आगे आ जाता है। प्रदेश में इस तरह के प्रयास आरंभ हो चुके हैं।
चीनी की तस्करी में लगे लोग भी हर संभव जोखिम उठाने को तैयार हैं। व्यवसाय के जानकार बताते हैं कि चीनी के दाम 35 से 40 रूपये प्रति किलो पर उसकी क्वालिटी के अनुसार प्रति क्विंटल 170 से 200 रूपये का टेक्स बनता है। एक सौ से दो सौ बोर ट्रक में लाने वालों को होने वाली कमाई का अंदाजा लगाया जा सकता है। जो चोर रास्तों से चंद हजार कमाने कई लाख रूपये दांव पर लगा रहे हैं।
अतिरिक्त आबकारी एंव कराधान आयुक्त लाजपाल सिंह जाखड़ बताते हैं कि करीब 15 दिन पहले स्टाक चैकिंग की गई थी इसमें तो कुछ खास नहीं निकला, लेकिन हाल ही में विभाग के मोबाइल विंग ने दो गाडिय़ां पकड़ी हैं। इससे लगता है कि कुछ लोगों ने चोर रास्तों से प्रयास शुरु किए हैं। राच्य की सीमा पर विभाग की पूरी निगाह है और चीनी की तस्करी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वे बताते हैं कि पहले तो जुर्माना खासा कम था लेकिन अब 55.5 फीसद है। ऐसे में साढ़े पांच फीसद का वैट बचाने के चक्कर में मूल के आधे से च्यादा कीमत का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
दूसरी ओर पटियाला होल सेल शूगर एसोसिएशन के प्रधान मोहन लाल बताते हैं कि सरकार को कोई नहीं रोक सकता लेकिन राज्य में चीनी पर लगाया गया टेक्स अगर एक या दो फीसद होता तो राजस्व में ज्यादा बढ़ोतरी होती। विभाग अथवा सरकार की ओर से अगर वैट में और बढ़ोतरी की जाती है तो तस्करी का बढऩा और राजस्व का गिरना तय है।

नहीं चले रनिंग वाटर पन बिजली


प्रोजेक्ट, पर सफाई शुरु
नहीं चले रनिंग वाटर पन बिजली प्रोजेक्ट, पर सफाई शुरु
-लहरा मुहब्बत का बंद यूनिट भी कर देगा उत्पादन शुरु
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पंजाब सहित हरियाणा, दिल्ली व पूर्वी उत्तर प्रदेश को बिजली सप्लाई करने वाले सतलुज नदी पर बने रनिंग वाटर पन बिजली प्रोजेक्ट में से मंगलवार शाम तक कोई भी नहीं चल पाया है।
नदी में सिल्ट की मात्रा पांच हजार सस्पैंडिड पार्टीक्यूलेट मैटेरियल प्रति घन मीटर से उपर होने के अलावा पानी के बहाव के साथ पत्थर भी बह कर आने लगे। इनके प्लांट की टरबाइन से टकराने पर खासा नुकसान होने की संभावना रहती है। जिसकी वजह से 15 सौ मेगावाट के नाथपा-झाखड़ी प्रोजेक्ट को बंद करना पड़ा। इसी प्रकार इसी नदी पर पीछे की ओर बने चमेरा, करचम, वांगतू पन बिजली प्रोजेक्ट का भी उत्पादन रोकना पड़ा है। हालांकि इनसे बिजली लेने वाले पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी बताते हैं कि उन्हें अब इस बात की जानकारी मिली है कि सिल्ट का स्तर कम होना शुरु हो गया है और प्रोजेक्ट में सफाई का काम शुरु कर दिया गया है। अगर सतलुज के कैचमेंट क्षेत्र में बारिश में कमी आती है, तो संभव है कि बुधवार को कुछ यूनिट में उत्पादन शुरु हो जाए।
वहीं प्रदेश के अपने उत्पादन पर पावरकाम के प्रवक्ता बताते हैं कि  लहरा मुहब्बत के श्री गुरु हर गोबिंद सिंह थर्मल प्लांट की बंद हुई यूनिट की बुआयलर टयूब को लगभग दुरुस्त कर लिया गया है। संभव है कि अगले कुछ घंटों में यह भी उत्पादन शुरु कर दे।
बिजली कटों के सवाल पर प्रवक्ता कहते हैं कि राज्य में कई क्षेत्रों बारिश होने की वजह से बिजली की मांग में करीब एक सौ लाख यूनिट की कमी आई है। जिसकी वजह से कट कम हुए हैं। 2050 लाख यूनिट पर चल रही मांग 1950 के आसपास रही है। लेकिन पन बिजली प्रोजेक्ट व पहाड़ी राज्यों से किए गए प्रबंध से मिल रही बिजली कट जाने से उपलब्धता 1750 लाख यूनिट ही रह गई है। हालांकि इसकी स्थिति में जल्द सुधार होगा।