-निगम की एफएंडसीसी की बैठक में लिया निर्णय बनेगा डॉग पौंड
-मच्छर मारने भी खरीदी जाएगी नई मशीन
-मुस्लिम भाईचारे के लिए बनने वाले कब्रिस्तान पर खर्च होंगे 50 लाख
फोटो: 5
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
मंहगाई के दौर में जहां गरीब आदी को सर छुपाने के लिए दस गज जमीन नसीब नहीं हो रही वहीं शहर के आवारा कुत्तों के लिए आधा करोड़ रूपये की लागत से डॉग पौंड के रूप में महल तैयार किया जाएगा। इसमें शहर के आवारा कुत्तों के लिए आशियाना बनाया जाएगा।
नगर निगम की फाइनांस एंड कांट्रेक्ट कमेटी, एफएंडसीसी की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया है कि शहर की जनता को आवारा कुत्तों से निजात दिलाने कैटल पौंड बनाया जाए। मेयर अजीतपाल सिंह कोहली बताते हैं कि एक हजार गज में बनने वाले इस पौंड की अनुमानित लागत 50 लाख रूपये रखी गई है। एक समय में 100 से 150 कुत्तों को रख जा सकता है। कुत्तों को लाकर सटरलाइज करने के बाद इसमें रखा जाएगा। इससे शहर की कुत्तों को लेकर उपजी समस्या दूर हो जाएगी। 50 लाख के खर्च की बजाए शहर में कुत्तों की नसबंदी कर इनकी आबादी नियंत्रित करने के सवाल पर वे कहते हैं कि इस पौंड में यह कार्य भी किया जाएगा। फिर सुरक्षित लगने पर ही कुत्ते को छोड़ा जाएगा।
कैटल पौंड बनाने के बावजूद शहर की सडकों पर से पशुओं की संख्या के कम ना होने के सवाल पर मेयर कहते हैं कि 90 गायों की क्षमता का कैटल पौंड बनाया गया है और इसमें 120-130 से गायें रखी हुई हैं। शहर में लोग गाय के दूध देना छोडऩे के बाद गाय को भी छोड़ देते हें। ऐसे में समस्या बनी हुई है।
इसी प्रकार शहर में लोगों को मच्छरों से राहत देने 13 लाख की नई फागिंग मशीन खरीदने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है। पुरानी के खराब होने की सूरत में नई के लिए दस दिनों में शार्ट टर्म टेंडर कॉल किए जाएंगे। हालांकि इसी बैठक में सवा घंटे में दवा के अलावा 75 लीटर डीजल व पांच लीटर पैट्रोल पीने वाली फागिंग मशीन का 80 दिन का बिल भी पारित कर दिया गया है।
जबकि मुस्लिम भाईचारे के लिए बनने वाले कब्रिस्तान पर भी नगर निगम 50 लाख रूपये खर्च करने जा रहा है। मेयर अजीतपाल सिंह कोहली ने बताया कि इस राशि से चारदिवारी करने के अलावा मिट्टी डलवा कर जमीन को समतल करवाया जाएगा और कमरा इत्यादि बनवा कर ढ़ांचागत सुविधाएं तैयार की जाएंगी।
एफएंडीसीसी की बैठक में गली, सड़क बनाने से लेकर एनवायरनमेंट पार्क दुरुस्त करने जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर अनिल बजाज, कमिश्नर गुरलवलीन सिंह सिद्धू सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों ने भाग लिया।
No comments:
Post a Comment