-सातवीं बार में कामयाब हुआ विभाग, जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में लगाई कंटीली तार
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
वन विभाग ने लंग गांव में दस एकड़ जमीन पर आखिरकार अपना कब्जा ले लिया है।
1960 से पहले भाखड़ा नहर बनाने के दौरान बनाए गए बड़े ईंट भट्ठों की जरूरत समाप्त होने के बाद इन्हें खाली छोड़ दिया गया था। इन पर कालान्तर में कब्जे हो गए और पीढ़ी दर पीढ़ी चलते रहे। इस पर न्यायालय में भी कुछ मामले पहुंचे। लंग गांव की उक्त जमीन के मामले में हाईकोर्ट ने करीब दो साल पहले वन विभाग के पक्ष में निर्णय दे दिया लेकिन विभिन्न कारणों के चलते वन विभाग कब्जा नहीं ले सका, इसमें पुलिस प्रोटेक्शन ना मिलना सबसे प्रमुख है।
आज विभाग के कंजरवेटर धर्मेंद्र शर्मा की निजी दिलचस्पी के चलते विभाग की ओर से सातवीं बार किए गए प्रयास में कामयाबी मिली है। जब जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जमीन के चारों ओर कंटीली तार लगाई गई है, हालांकि कब्जेदारों की धान की फसल को आज भी नहीं छेड़ा गया है।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार की मौजूदगी में की गई कार्रवाई में वन विभाग के पटियाला रेंज के सभी कर्मी, जिला वन अधिकारी एसके सागर, रेंज अफसर चमकौर सिंह, ब्लाक अफसर प्रेम सिंह सोही, बीट इंचार्ज अमन अरोड़ा व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। इसमें महिला पुलिस कर्मी भी शामिल हैं।