- 180 पदों के लिए हुई है भर्ती, इन्हरीं में 38 पीसीएस कार्यकारी, 18 डीएसपी, 74 ईटीओ, छह तहसीलदार, पांच फूड सप्लाई अधिकारी, 15 बीडीओ, चार पंचायत अधिकारी, आठ असिस्टेंट रजिस्ट्रार, तीन लेबर अधिकारी, 13 रोजगार व प्रशिक्षण अधिकारी शामिल
- पीसीएस व एलायड परीक्षा- 2009 के लिए 514 ने किया था टेस्ट पास
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन ने लंबे इंतजार के बाद वीरवार को मुख्य परीक्षा के बाद लिए गए साक्षात्कार का परिणाम घोषित कर दिया है। मोहाली की अमनिंदर कौर 70.82 फीसद अंकों के साथ पीपीएससी की मेरिट लिस्ट में टॉपर रही हैं।
पीसीएस व एलायड परीक्षा- 2009 के लिए 514 उम्मीदवारों ने टेस्ट पास किया था। सफल उम्मीदवारों की मैरिट लिस्ट पीपीएससी ने अपनी वेबसाइट पर डाल दी है। फगवाड़ा की नयन ने आरक्षित वर्ग से दूसरा स्थान 65.81 फीसद अंकों से प्राप्त किया है। जबकि गुरुदासपुर के संजीव शर्मा ने 65.59 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया है। पटियाला की हरजोत कौर ने शारीरिक रूप से विकलांग श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 सालों के लंबे अंतराल के बाद ली गई परीक्षा के प्रीलिम पेपर में करीब आठ हजार उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई थी, इसमें से 2340 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य के लिए क्वालीफाई किया। कुल 180 पदों के लिए परीक्षा ली गई, इसमें विभिन्न विभागों में पीसीएस व एलायड सेवाओं और डीएसपी भर्ती किए जाने हैं। इन्हीं में 38 पीसीएस कार्यकारी, 18 डीएसपी, 74 ईटीओ, छह तहसीलदार, पांच फूड सप्लाई अधिकारी, 15 बीडीओ, चार पंचायत अधिकारी, आठ असिस्टेंट रजिस्ट्रार, तीन लेबर अधिकारी, 13 रोजगार व प्रशिक्षण अधिकारी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि 1998 में ली गई पीपीएससी की परीक्षा के बाद सामने आए घोटाले के बाद केवल 2003 में परीक्षा ली गई वो भी उन उम्मीदवारों की पुन: परीक्षा थी जिन लोगों ने 1998 में तत्कालीन चेयरमैन रवि सिद्धू के समय में पीसीएस की परीक्षा में भाग लिया था। तत्कालीन सरकार ने 22 अप्रैल 2002 को रवि सिद्धू के कार्यकाल में भर्ती किए गए सभी 639 पदों को पुन: खाली कर दिया था।
No comments:
Post a Comment