-हर रोज चार से पांच अवैध निर्माण के हो रहे हैं खुलासे: संयुक्त कमिश्नर
-अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के बाद राजस्व में 76 लाख की हुई बढ़ोतरी
भूपेश चट्ठा, पटियाला
नगर निगम पटियाला में इन दिनों हाल ही में किए गए निर्माणों के नक्शे बनवाने और शुल्क जमा करवा निगम प्रशासन से पास करवाने वालों की लाइनें लग गई हैं। हाल ही में निगम की कार्रवाई के बाद से करीब दस दिनों में 76 लाख रूपये की आय हुई है।
याद रहे कि निगम ने अपने कर्मियों का वेतन चुकाने आबकारी विभाग से प्राप्त 70 लाख रूपये का प्रयोग इसी महीने किया है। निगम तीन महीने से कर्मियों का पीएफ व पैंशन फंड नहीं जमा करवा पाया था और एक महीने का वेतन बकाया रह गया।
वहीं निगम के कामकाज में दिलचस्पी रखने वाले प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि इन दिनों निगम परिसर में में नक्शा नवीसों के पास समय ही नहीं है। हर तरफ लाइन लगी है। एरिया टाउन प्लानर निर्मलप्रीत सिंह बताते हैं कि अवैध निर्माणों के बाद से बढ़ी गतिविधियों में नक्शानवीसों को पूरी तरह से व्यस्त कर दिया है। उनके पास अगले तीन दिनों के लिए समय नहीं है। इसी तरह से एडवांस बुकिंग चल रही है। वे बताते हैं कि एक फरवरी के बाद से पहले पखवाड़े में 36 लाख रूपये की आय सिर्फ इसी शुल्क से हुई है।
इसी क्रम में संयुक्त कमिश्नर नाजर सिंह बताते हैं कि अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के बाद राजस्व में जहां बढ़ोतरी हुई है वहीं यह क्रम आगे भी जारी रहना तय है। निगम की ओर से फील्ड में जूनियर इंजीनियरों और एसडीओ की तैनाती के बाद से लगातार रिपोर्ट आ रही हैं। हर रोज चार से पांच अवैध निर्माण अथवा बिना नक्शा पास करवाए भवन निर्माण हो रहा है। इन सभी पर आने वाले दिनों में कार्रवाई होनी तय है। हालांकि मौके पर पहुंच कर एक बार आगाह जरूर किया जा रहा है।
वहीं हाउस टेक्स के बकाया मामले निपटाने पर हुई आय में संयुक्त कमिश्नर कहते हैं कि आठ फरवरी को हाउस टेक्स कमेटी की बैठक में 15 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त हुआ है तो 15 फरवरी को रखी गई बैठक में निपटाए गए तीन मामलों में 25 लाख रूपये का लंबित राजस्व की प्राप्ति हुई है।
No comments:
Post a Comment