फोटो:
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
हाई कोर्ट के आदेशों के चलते शहर में होने वाली सीलिंग के विरोध में वीरवार सुबह दुकानदारों ने बस स्टैंड चौंक पर जाम लगा दिया। दिलचस्प है कि एक ओर जहां अर्बन एस्टेट में पूडा व प्रशासन पुलिस की मौजूदगी में दुकानें सील कर रहा था। वहीं शहर में दुकानदार विरोध में जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
भारी तादाद में व्यापारियों के पहुंचने के साथ ही करीब दस बजे शुरु हुआ धरना दो घंटे से अधिक तक जारी रहा। इस दौरान दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के बीच मुख्य मार्ग को बंद रखा। जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गई। व्यापार बचाओ कमेटी के बैनर तले दुकानदारों ने 'सभी आओ मिल कर सीलिंग जैसी भयानक मुसीबत का मिलकर सामना करेंÓ। दुकानदारों का कहना है कि वे अपना व्यापार बचाने के लिए हर मुसीबत का सामना करने को तैयार हैं। जरूरत पडऩे पर जान की बाजी भी लगा देंगे।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कई दशकों से वे विभिन्न क्षेत्रों के बाजारों में अपना कारोबार कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें इससे पहले किसी ने कुछ नहीं कहा पर अब उनके व्यापार को तबाह करने की कोशिश की जा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर दुकानें नाजायज हैं तो पहले क्यों बनने दी गई। कारोबार शुरु से ही क्यों चलने दिया गया।
मुख्य रूप से दुकानदारों का परिवार उनके इसी व्यवसाय से चलता है ऐसे में दुकानों के सील होने की स्थिति में उनका परिवार भी भूखा मरने की स्थिति में आ जाएगा। ऐसे में सीलिंग का डट कर विरोध किया जाएगा।
क्या है मामला
शहर के रिहायशी क्षेत्रों में चल रही कामर्शियल गतिविधियों पर रोक लगाने और नगर निगम की अनुमति के बिना व टाउन प्लानर की योजना के विपरीत दुकानें बना ली हैं उन्हें बंद करवाने के हाई कोर्ट ने आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश है कि इन संस्थानों व दुकानों को सील कर हाईकोर्ट को रिपोर्ट किया जाए। इससे पहले अपर माल रोड पर दर्जन भर दुकानों व शो रूम को ऐसे ही आदेशों के तहत सील किया गया है। जो अभी तक नहीं खुले हैं।
मेयर ने की शांति की अपील
मेयर अजीतपाल सिंह कोहली ने सीलिंग को लेकर हाई कोर्ट के आदेशों के बाद पैदा हुए हालातों के संबंध में नए पुराने चुने गए पार्षदों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। कोहली ने कहा है कि ऐसे हालात में कुछ शरारती तत्व अपने उद्वेश्यों की पूर्ति के लिए नाजायज लाभ उठा सकते हैं। ऐसे में सजग रहने की अपील के साथ ही उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की है कि वे कानून में विश्वास रखें। और कानून के दायरे में रह कर ही अपील करें। साथ ही मेयर ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी तरह की जानकारी अथवा स्पष्टीकरण चाहिए तो वो उनसे, सीनियर डिप्टी मेयर, कमिश्नर, संयुक्त कमिश्नर अथवा म्यूनिसिपल टाउन प्लानर से ले सकता है।
फोटो:
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
हाईकोर्ट के आदेश पर शहर के अर्बन एस्टेट क्षेत्र में शुरु हुई सीलिंग के तहत पंजाब अर्बन डेवलेपमेंट एंड प्लानिंग अथारिटी (पुडा) ने अपने अधीन आती 101 दुकानें सील कर दी हैं। इस अवसर पर जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इसके अलावा दी गई कड़ी चेतावनी के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।
एडीसी अनंदिता मितरा, एसडीएम गुरपाल सिंह चहल और पूडा के अधिकारियों की मौजूदगी में अर्बन एस्टेट की राणा मार्केट, साहिब इंक्लेव और थेड़ी सहित बड़ी संख्या में आसपास की दुकानें सील की गई हैं। इन दुकानों को सील करते समय कई दुकानदारों ने अंतिम समय में अपना सारा सामान दुकानों में से निकाल लिया, जबकि कई ऐसा नहीं कर पाए। जिसके चलते सीलिंग कर रहे अधिकारियों ने सामान सहित दुकानों को सील कर दिया है।
फोटो-
शटर के आगे दीवार करने वाले भी नहीं बचे
पूडा व हाईकोर्ट को गच्चा देने की मंशा से अर्बन एस्टेट के कुछ दुकानदारों ने बीती शाम अपनी दुकानों के आगे ईटों की दीवार करनी शुरु कर दी। इसमें शहर के एक बड़े प्रापर्टी डीलर का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। इन दुकानों में से कुछ की दीवार गिराकर दुकानें सील की गई तो शेष के बाहर कंटीली तार लगाकर टीम ने इन्हें भी सील की हुई दुकानों का हिस्सा बना दिया।
विरोध भी हुआ पर हाईकोर्ट के आगे नतमस्तक
जैसी की उम्मीद की जा रही थी दुकानों की सीलिंग को लेकर विरोध के स्वर उठेंगे। ऐसा हुआ भी कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया पर भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग कर रही टीम ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर कहा कि यदि किसी ने इस कार्रवाई में विघ्न डालने का प्रयास किया तो उसे अदालत की अवमानना का सामना करना पड़ेगा। सीलिंग को किसी भी स्थिति में रोका नहीं जाएगा, चाहे दुकानदार कितना भी विरोध करें।
धरने ने धाराशाही की ट्रैफिक व्यवस्था
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
शाही शहर में वीरवार सुबह शुरु हुआ धरने प्रदर्शन का दौर दोपहर बाद तक जारी रहा। बस स्टैंड पर जहां व्यापार बचाओ कमेटी के सदस्यों ने धरना दिया वहीं माल रोड पर भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा के नेताओं ने जाम लगाया। इन्हीं धरनों के चलते ट्रैफिक व्यवस्था धाराशाही हो गई। हालांकि प्रशासन की ओर से कुछ उपाय किए गए और रूट भी बदले गए लेकिन धरना हटने तक ये नाकाफी ही रहा।
जाम लगने के कारण कामकाज पर पहुंचने वालों को खासी मुश्किल का सामना करना पड़ा और इसमें फंसने वाला हर व्यक्ति अपने गंतव्य स्थान पर देरी से ही पहुंचा। व्यापार बचाओ कमेटी ने हालांकि दो घंटे बाद अपना धरना उठा लिया लेकिन किसानों का घेराव सांय साढ़े चार बजे तक जारी रहा और मालरोड बंद रही।
पटियाला बंद का आहवान किया
उपमुख्य संवाददाता, पटियाला
पटियाला व्यापार बचाओ संघर्ष कमेटी ने दस अगस्त को शहर को बंद रखने का आहवान किया है। साथ ही सभी दुकानदारों को सुबह आठ बजे शेरांवाला गेट पर पहुंचने की अपील भी की है। कमेटी के प्रधान राकेश गुप्ता, राकेश मंगला, जसप्रीत सिंह भाटिया, डा. धर्मवीर गांधी आदि ने कहा है कि उनका संघर्ष सीलिंग की लटकती तलवार हटने तक जारी रहेगा।
इससे पहले कमेटी के सदस्यों ने मिनी सचिवालय में डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी, मेयर, कमिश्नर नगर निगम के साथ कांफ्रेंस हाल में बैठक भी की है। इस बैठक में प्रशासन ने जहां भरोसा दिलाया है कि जो भी संभव होगा वो किया जाएगा, लेकिन उच्च न्यायालय के आदेशों के आगे हर कोई बेबस है। एक ओर जहां प्रशासन ने अपनी मजबूरी गिनाई वहीं कमेटी ने अपना आंदोलन आगे जारी रखने का फैसला भी सुना दिया।
No comments:
Post a Comment