टिकट की टिकटिक पटियाला
-चार अकालियों सुरजीत रखड़ा को समाना, तेजिंदर संधू को सनौर, हरप्रीत कौर मुखमेलपुर को घनौर व कुलदीप कौर को पटियाला ग्रामीण से मिली थापी
-पटियाला ग्रामीण से विधायक ब्रहम महिंदरा, काका रणदीप एक ही केंद्रीय गुरु कमलनाथ के चेले कांग्रेस की दौड़ में
-राजपुरा से भाजपा के राजखुराना, सनौर से कांग्रेस के लाल सिंह का लगभग तय
भूपेश चट्ठा, पटियाला
प्रदेश कांग्रेस के प्रधान व पूर्व मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पटियाला शहरी सीट के लिए कांग्रेस की ओर से किसी ने उन्हें चुनौती नहीं दी है हालांकि उनके भाई राजा मालविंदर सिंह ने साथ लगती पटियाला ग्रामीण सीट के लिए दावेदारी ठोकी है। वे स्व. राजीव गांधी के सहपाठी रहे हैं।
वहीं पटियाला जिले में शिरोमणि अकाली दल ने भी अपने चार उम्मीदवारों सुरजीत रखड़ा को समाना, तेजिंदर संधू को सनौर, हरप्रीत कौर मुखमेलपुर को घनौर व कुलदीप कौर टोहड़ा को पटियाला ग्रामीण से 'थापीÓ दे दी गई है। इसके अलावा शुतराणा से बनिंदर कौर लूंबा के नाम के साथ अकालियों ने जिले में आठ में से पांच नाम तय कर दिए हैं। जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ संभव है एक बार फिर कोहली परिवार में से ही किसी को शहीद किया जाएगा।
इसी क्रम में समाना से टूट कर नाभा के 32 गांवों के साथ बनी पटियाला ग्रामीण से विधायक ब्रहम महिंदरा व काका रणदीप एक ही केंद्रीय गुरु कमलनाथ के चेले कांग्रेस की दौड़ में हैं। नाभा सीट के आरक्षित होने पर काका रणदीप बेघर हुए हैं तो ब्रहम महिंदरा का बहावलपुर बिरादरी के चलते तगड़ा वोट बैंक है।
राजपुरा से भारतीय जनता पार्टी के लिए राजखुराना को हलके विरोध के बावजूद टिकट मिलना तय है। हालांकि भाजपा के हरजीत ग्रेवाल के दौरे यहां पर बढ़े हुए हैं। ऐसे ही सनौर से कांग्रेस के लाल सिंह का प्रतिद्वंदी नही है। हालांकि घनौर व राजपुरा को साथ मिला कर तीन कंबोज को टिकट देती है या नहीं ये अभी प्रश्न ही है। ऐसी स्थिति में परनीत कौर करीबी हरदयाल कंबोज राजपुरा से और मदन लाल जलालपुर घनौर से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। घनौर से पूर्व मंत्री जसजीत रंधावा अमलोह की ओर कूच कर गए हैं।
दिलचस्प है कि समाना से कांग्रेस टिकट के लिए जहां ब्रहम महिंदरा ने अपने पत्ते नहीं फैंकें हैं वहीं पूर्व वित्त मंत्री सुरिंदर सिंगला, राजा मालविंदर सिंह, जगतार सिंह राजला भी जुगत में हैं।
नाभा से कांग्रेस के साधु सिंह धर्मसोत व रणधीर सिंह लिबड़ा में कश्मकश जारी है तो यहां से अकाली दल मक्खन सिंह लालका को उतार सकता है। जबकि कांग्रेस शुतराणा से दो बार के विधायक निर्मल सिंह शुतराणा पर ही दांव लगाना पसंद करेगी।