Showing posts with label royle visit. Show all posts
Showing posts with label royle visit. Show all posts

Monday, 4 October 2010

prince charles kingdom still exists शाही शहर में प्रिंस चा‌र्ल्स की दूसरी पारी

भूपेश चट्ठा, पटियाला

पांच साल के भीतर दूसरी बार ऐतिहासिक शहर पटियाला आए शाही मेहमान प्रिंस चा‌र्ल्स का सैन्य सम्मान के साथ स्वागत किया गया है। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत राज्य सरकार के लोक संपर्क व प्रवासी मामलों के मंत्री सेवा सिंह सेखवां, मेयर अजीत पाल सिंह कोहली और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किया जबकि उनकी पत्नी कैमिला पार्कर को विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर व सेवा सिंह सेखवां ने रीसीव किया। प्रिंस हालांकि अपने तय समय से करीब बीस मिनट जल्दी तो कैमिला दस मिनट देरी से दो अलग अलग हेलीकाप्टरों में आए है।

पूर्व पटियाला रियासत के इस शाही मेहमान को वायु सेना का हेलीकाप्टर पटियाला लाया तो उनके स्वागत में सेना का घुड़सवार दस्ता और बैंड भी तैनात किया गया, सैन्य अधिकारियों ने भी पूरे सैनिक अंदाज में ही उनका स्वागत किया। हालांकि कैप्टन अमरिंदर के मेहमानों की सूची में बड़ी संख्या फौजी अफसरों की ही है। दावत में शामिल होने वालों के लिए ड्रेस कोड भी रखा गया है। टाई सूट न पहनने वाले भारतीय बंद गले की शेरवानी अथवा अचकन में नजर आए जबकि सेना के अधिकारी अपनी वर्दी में मेडल के साथ आए।

मोती बाग पैलेस के सूत्र बताते है कि शाम होने से पहले ही पहुंचने वाले मेहमानों में हरियाणा के मुख्यमंत्री भुपिंदर सिंह हुड्डा और पटियाला जिले व कैप्टन अमरिंदर के करीबी चार-पांच एमएलए भी शामिल है। इनके अलावा हाईकोर्ट के कुछ जज भी इसी सूची में है। दिलचस्प है कि शाही मेहमान का स्वागत करने वाले मेयर व लोक संपर्क मंत्री को भी पार्टी में आने का न्यौता दिया गया लेकिन राजनैतिक कारणों के चलते उन्होंने मना कर दिया।

वहीं मेहमानों की सूची लेने सोमवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो के दो ज्वाइंट डायरेक्टर व दो डिप्टी डायरेक्टर भी पैलेस आ पहुंचे जिन्होंने अपने स्तर पर भी सुरक्षा की समीक्षा की है। इसी बीच प्रिंस के आने से पहले पटियाला-संगरूर मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया हालांकि उन्हें इस ओर से नहीं गुजरना था।

Sunday, 3 October 2010

State guest, Punjab govt. mere spectator विदेश मंत्रालय ने मांगी मेहमानों की सूची

प्रिंस चा‌र्ल्स का पटियाला दौरा
पाकिस्तान से भी शामिल हो सकते हैं कुछ मेहमान
भूपेश चट्ठा, पटियाला
: विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर के अपने घर मोती बाग पैलेस में हो रही शाही दावत को लेकर विदेश मंत्रालय ने प्रिंस चा‌र्ल्स व उनकी पत्नी कैमिला पार्कर के सम्मान में होने वाले डिनर में शामिल होने वाले मेहमानों की सूची मांग ली है। इस हाई प्रोफाइल दावत को लेकर जहां राज्य की पुलिस और देश की सेना अपने काम में लगी है, वहीं प्रिंस चा‌र्ल्स के इंग्लैंड से रवाना होने से पहले रक्षा खरीद सौदों को लेकर माहौल बनाने की आई खबरों के चलते इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) भी पूरी हरकत में है। बताते चलें की प्रिंस चा‌र्ल्स के आगमन पर सोमवार की शाम होने होने वाली पार्टी में कई बड़े सैन्य अधिकारी भी शामिल होने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान से तीन खानसामे पहले ही आ चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कुछ मित्र भी पाकिस्तान से भारत में आए हुए हैं और अभी तक अटारी सीमा के इसी ओर हैं। दूसरी ओर, राज्य सरकार प्रिंस चा‌र्ल्स को राज्य का मेहमान घोषित करने के बावजूद मूक दर्शक बन कर रह गई है। सार्वजनिक क्षेत्र के एविएशन क्लब अथवा हवाई पट्टी पर महल के अपने फोटोग्राफरों के अलावा सिर्फ एक कैमरा जिला लोक संपर्क अधिकारी को ले जाने की अनुमति दी गई है। सूत्रों का कहना है कि शाही मेहमानों के आने के दौरान पटियाला-संगरूर रोड को पूरी तरह से आम आदमियों के लिए बंद रखा जाएगा। हालांकि हवाई अड्डे पर प्रिंस के उतरने के बाद वे इस सड़क से न गुजर कर छावनी क्षेत्र से होते हुए मोती बाग पैलेस में पहुंचेंगे। उधर, आज घोषित किए गए कार्यक्रम व तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रशासन ने पूरी मॉक ड्रिल की है, कुछ मेहमान आ भी चुके हैं। बताया गया है कि सोमवार अपराह्न साढ़े तीन बजे कैमिला पार्कर पंजाब सरकार के हेलीकॉप्टर से पटियाला के एविएशन क्लब के हवाई अड्डे पर उतरेंगी, उनका स्वागत परनीत कौर करेंगी, जबकि प्रिंस का स्वागत लोक संपर्क मंत्री सेवा सिंह सेखवां, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, मेयर अजीतपाल सिंह कोहली व डिप्टी कमिश्नर गुरविंदर सिंह ग्रेवाल करेंगे। वे फतेहगढ़ साहिब से एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से पटियाला के एविएशन क्लब आएंगे। पांच अक्टूबर की सुबह एयर फोर्स के ही हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ को रवाना हो जाएंगे जहां से विमान से जोधपुर जाएंगे।